Chandauli News-मुंबई मेल से गिरकर आरपीएफ दरोगा की दर्दनाक मौत


चंदौली-अलीनगर थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसे में मुंबई मेल ट्रेन से गिरकर आरपीएफ के दरोगा की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना डाउन यार्ड ओल्डकार शेड के पास हुई, जिससे रेलवे विभाग और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।मृतक की पहचान आरपीएफ दरोगा विशाल तिवारी (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मऊ जनपद के निवासी थे। बताया गया कि उनकी हाल ही में बिहार के रफीगंज में तैनाती हुई थी और वे शिफ्टिंग के दौरान डीडीयू (पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन) आ रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।सूचना मिलते ही पुलिस और आरपीएफ के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।युवा जवान की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं इलाके में भी गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।



