Chandauli News-SIR की खामियों को लेकर कांग्रेस का हमला,फॉर्म भरने की तिथि बढ़ाने की मांग

चंदौली के जिला मुख्यालय स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण कुमार द्विवेदी ने भाजपा सरकार द्वारा कराए जा रहे एसआईआर (SIR) फॉर्म को जनता के अधिकारों पर सीधी चोट बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित समय सीमा बेहद कम है, जिससे आम नागरिकों पर अनावश्यक दबाव बन रहा है। यह प्रक्रिया नागरिकों की नागरिकता को प्रभावित करने वाली एक सोची-समझी रणनीति प्रतीत होती है, जिसका कांग्रेस पार्टी कड़े शब्दों में विरोध कर रही है।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यों में बाधा नहीं चाहती, लेकिन जनता की सुविधा के लिए एसआईआर फॉर्म भरने की अवधि बढ़ाया जाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रेस वार्ता प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत आयोजित की गई है, जिसका उद्देश्य जनता को राहत दिलाना और एसआईआर प्रक्रिया की वास्तविकताओं को सामने लाना है।वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार लोगों को गुमराह और भ्रमित करने के उद्देश्य से यह फॉर्म भरवा रही है। उन्होंने दावा किया कि यह फॉर्म साल 2003 की वोटर लिस्ट पर आधारित है, जो वर्तमान परिस्थितियों में पूरी तरह लागू नहीं होती। यदि सरकार सही मायनों में शुद्धिकरण करना चाहती है, तो इसमें लोकसभा, विधानसभा और ग्राम पंचायत की वोटर लिस्टों को भी शामिल किया जाना चाहिए।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी और पर्याप्त समय न होने से जनता में असमंजस बढ़ रहा है। कांग्रेस ने मांग की कि सरकार तुरंत समय सीमा बढ़ाए और नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।



