Chandauli News-अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक

चन्दौली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों में कम्युनिटी पुलिसिंग एवं महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।इस दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा कस्बों, बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा से संबंधित कानूनों तथा उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीम द्वारा बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में इन नंबरों पर तुरंत संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, किसी भी प्रकार के अपराध के विरुद्ध आवाज उठाने तथा समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान बनाए रखने के लिए जागरूक किया।
जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।



