Chandauli News-आईजीआरएस में मुगलसराय तहसील फिर बनी नंबर वन,तीसरी बार हासिल किया प्रथम स्थान,एसडीएम अनुपम मिश्रा की हो रही हर जगह तारीफ

रिपोर्ट- राजेश गोस्वामी
चंदौली। मुगलसराय तहसील ने एक बार फिर जनपद में अपनी कार्यकुशलता और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था का प्रमाण देते हुए आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम) में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह तीसरी बार है जब मुगलसराय तहसील ने जनपद स्तर पर यह उपलब्धि हासिल की है। इस सफलता से तहसील कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मुगलसराय (डीडीयू नगर) तहसील के एसडीएम अनुपम मिश्रा, नायब तहसीलदार अमित सिंह और आईजीआरएस प्रभारी विभा त्रिपाठी की कार्यशैली की सराहना की जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा दिसंबर माह 2025 में आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का शत-प्रतिशत और समयबद्ध निस्तारण करने पर तहसील को यह सम्मान प्रदान किया गया।इस अवसर पर एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि आईजीआरएस पर आने वाली प्रत्येक शिकायत के निस्तारण में शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क कर समस्या की सही जानकारी ली जाती है। पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही शिकायत का निस्तारण पोर्टल पर दर्ज किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के मार्गदर्शन, तहसील के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास व समर्पण का परिणाम है।मुगलसराय तहसील की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मजबूत नेतृत्व और समर्पित कार्यशैली के साथ जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान संभव है। शिकायत निस्तारण में बेहतर प्रदर्शन को लेकर तहसील की सराहना जनपद भर में हो रही है।




