Chandauli News-एनएच-19 पर बड़ा हादसा टला,इलिया मोड़ पर ट्रेलर–डीसीएम की भीषण भिड़ंत,कई लोगों की बची जाने

चंदौली — एनएच-19 पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सदर थाना क्षेत्र के इलिया मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर और डीसीएम की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर हाइवे की बेरिकेटिंग तोड़ते हुए मीडियन पार कर गया, जबकि डीसीएम अनियंत्रित होकर सर्विस रोड होते हुए एक दुकान तक जा पहुंचा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डीसीएम चालक की सूझबूझ और कुशलता से कई लोगों की जान बाल-बाल बच गई। यदि वाहन भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में पलट जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि हाइवे किनारे अवैध अतिक्रमण और शराब की दुकानों की मौजूदगी लगातार हादसों को न्योता दे रही है। खासकर हाईवे किनारे शराब की दुकान होने पर लोगों ने गंभीर सवाल उठाए।स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि बिहार से आने-जाने वाले वाहन अक्सर सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने पुलिस के ढुलमुल रवैये पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से सख्त कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन यह हादसा एक बार फिर एनएच-19 पर यातायात व्यवस्था, अवैध अतिक्रमण और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।



