Chandauli News-एसआईआर फार्म भरने में समाजवादी पार्टी कर रही सहयोग :गणेश यादव

चंदौली। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पूरे जनपद में निरंतर जारी है। इस दौरान न केवल बीएलओ परेशान हैं, बल्कि आम मतदाताओं को भी फार्म भरने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में समाजवादी पार्टी बूथ स्तर पर सक्रिय होकर मतदाताओं और बीएलओ—दोनों की मदद कर रही है। पार्टी की ओर से बूथों पर बीएलए की तैनाती की गई है तथा एसआईआर कार्य में सहयोग हेतु विशेष प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं।

इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के चंदौली ब्लाक प्रभारी व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गणेश यादव पिछले एक पखवारे से क्षेत्र में एसआईआर कार्य की मॉनिटरिंग में पूरी गंभीरता के साथ जुटे हुए हैं। इस अभियान में सेक्टर प्रभारी दिलीप पासवान भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।ब्लाक प्रभारी गणेश यादव ने कटसिला, मचिया, दाउदपुर, फत्तेपुर, काटा, नवहीं, सिकरी, पैतुआ, रघुनाथपुर और पड़या गांवों का व्यापक भ्रमण किया। उन्होंने बूथों पर तैनात पार्टी के बीएलए से एसआईआर फार्म भरने की प्रगति जानी और बीएलओ से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझा।
गणेश यादव ने बताया कि समाजवादी पार्टी एसआईआर प्रक्रिया को अत्यंत गंभीरता से ले रही है, क्योंकि यह आम नागरिक के मताधिकार के संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। इसलिए मतदाताओं को फार्म भरने के लिए प्रेरित करने और उनकी दिक्कतों को दूर करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। जहां-जहां बीएलओ को मतदाताओं की पहचान या फार्म वितरण में कठिनाई आ रही है, वहां पार्टी के बीएलए और गांव के बुद्धिजीवी मिलकर समस्या का समाधान करा रहे हैं।सपा नेता दिलीप पासवान ने भी सभी वर्गों, विशेषकर दलित समुदाय से अपील की कि वे एसआईआर फार्म अवश्य भरें। किसी भी प्रकार की दिक्कत पर पार्टी टीम पूरी मदद उपलब्ध कराएगी।इस अवसर पर जीउत बंधन विश्वकर्मा, शमशेर प्रधान, कृष्णा बीयार, काशीनाथ, श्यामनरायण केशरी और अवधेश प्रधान ने अपने-अपने गांवों में सहयोग प्रदान किया।









