Blog

Chandauli News-किसानों के मुद्दे पर गरजे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू,कहा -“जरूरत पड़ी तो चप्पल का प्रयोग फिर करूंगा”

चंदौली: सपा के वरिष्ठ नेता और सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू एक बार फिर ज़ोरदार सुर्खियों में हैं। किसानों की बदहाल स्थिति और सिंचाई विभाग की लापरवाही को लेकर उन्होंने खुलकर मोर्चा खोल दिया है। हाल ही में सिंचाई विभाग के एक अधिकारी को चप्पल दिखाने के मामले में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। अब इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर तीखी चेतावनी दी है।”मैं जेल जाने से नहीं डरता। अगर किसानों की समस्याएं ऐसे ही बनी रहीं, तो चप्पल का प्रयोग फिर करूंगा,” – मनोज सिंह डब्लू पूर्व विधायक ने कहा कि वे 78 हजार अन्नदाताओं के प्रतिनिधि हैं और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चप्पल दिखाना कोई व्यक्तिगत अपमान नहीं था, बल्कि यह किसानों के हक की आवाज थी।

सिंचाई संकट पर उठाए सवाल

मनोज सिंह डब्लू ने बताया कि वर्ष 2016 में अपने विधायक कार्यकाल के दौरान उन्होंने चारी में पंप कैनाल पर चार मोटरें लगवाई थीं, जिससे हज़ारों किसानों को सिंचाई की सुविधा मिली थी। लेकिन आज वही मोटरें खराब पड़ी हैं, और विभाग मरम्मत के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा”अधिकारियों के पास बजट नहीं है, लेकिन किसानों की फसलें सूख रही हैं। विभाग की यह उदासीनता अक्षम्य है।”

भाजपा विधायक और सरकार पर भी साधा निशाना

पूर्व विधायक ने क्षेत्रीय भाजपा विधायक और डबल इंजन सरकार पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसान सबसे अधिक बदहाल हैं और जिस पंप कैनाल को उन्होंने लगवाया था, उसकी मरम्मत तक नहीं हो सकी।”सरकार है, लेकिन किसानों की सुध लेने वाला कोई नहीं। अधिकारी मस्त हैं, किसान त्रस्त।”

लड़ाई सोशल मीडिया से भी जारी

फिलहाल मनोज सिंह डब्लू क्षेत्र से बाहर हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि वे सोशल मीडिया पर लाइव होकर लगातार किसानों के मुद्दे पर संघर्ष करते रहेंगे। उनका यह रुख न केवल प्रशासन के लिए चुनौती है, बल्कि एक बार फिर किसान बनाम व्यवस्था की बहस को हवा दे रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button