Chandauli News-गंगा में मछली पकड़ने के टेंडर पर गरमाई सियासत,मनोज सिंह डब्लू ने उठाई आवाज़

चंदौली – गंगा नदी में मछली पकड़ने के लिए शुरू की गई टेंडर प्रक्रिया को लेकर पूर्व विधायक और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनोज कुमार सिंह ‘डब्लू’ ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने इस निर्णय को मछुआरा समाज के साथ अन्याय करार देते हुए इसे तत्काल रद्द किए जाने की मांग की है।पूर्व विधायक ने इस मुद्दे को लेकर मत्स्य मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह फैसला कुछ चंद लोगों को फायदा पहुँचाने के लिए किया गया है।मनोज सिंह ने कहा,सरकार की यह टेंडर प्रक्रिया सीधे तौर पर मछुआरा समाज की आजीविका पर हमला है। जो गंगा आज तक सबकी रही, उसे अब कुछ गिने-चुने लोगों के लिए नीलाम किया जा रहा है। यह गरीब मछुआरों के पेट पर लात मारने जैसा है।”उन्होंने मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद को इस निर्णय का मुख्य जिम्मेदार ठहराया और कहा कि यह फैसला मछुआरा समाज के लिए एक नीतिगत अन्याय है, जिसे हर हाल में वापस लिया जाना चाहिए.इस मुद्दे को लेकर मनोज सिंह डब्लू ने गांव-गांव जाकर मछुआरा समाज को जागरूक करने का अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में वे धानापुर के नरौली गंगा घाट पहुँचे, जहां उन्होंने समाज के लोगों से संवाद किया और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति सजग किया।नरौली से आरंभ हुई यह यात्रा बड़ौरा, अमादपुर, सोनौली, गुरैनी और जिगना होते हुए शाम 4 बजे महुजी में समाप्त होगी। इस यात्रा का उद्देश्य सरकार के फैसले के खिलाफ संगठित जनदबाव बनाना और मछुआरा समाज की आवाज़ को बुलंद करना है।मनोज सिंह ने साफ किया कि जब तक यह फैसला वापस नहीं लिया जाता, वे मछुआरा समाज की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ते रहेंगे। उन्होंने प्रशासन का ध्यान मछुआरा समाज के स्थानीय मुद्दों की ओर भी आकर्षित किया।गंगा में मछली पकड़ने के लिए किया गया टेंडर अब केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक आंदोलन का विषय बनता जा रहा है। सपा नेता मनोज सिंह डब्लू की सक्रियता से यह मुद्दा और तेज़ होने के आसार हैं।


