Blog

Chandauli News-छठ पूजा की खुशियां मातम में बदलीं — गंगा में डूबे दो किशोरों की BHU में मौत,गांव में पसरा सन्नाटा

चंदौली (बलुआ): आस्था और श्रद्धा के पर्व छठ पूजा की संध्या पर रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डूबो दिया। बलुआ थाना क्षेत्र के विजई के पुरा गांव के पास चंद्रावती गंगा घाट पर बेदी पूजन के दौरान नहाते समय पांच किशोर गंगा की तेज धारा में बह गए। ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन दो बच्चों की हालत गंभीर बनी रही।इलाज के लिए उन्हें पहले जिला अस्पताल और फिर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर किया गया, जहां देर रात दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अमित प्रजापति (14 वर्ष) पुत्र सोहन प्रजापति और सत्यम यादव (11 वर्ष) पुत्र दिनेश यादव के रूप में हुई है।

दोनों ही बच्चे अपने परिवारों के लाड़ले थे। अमित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत की खबर सुनकर घर में कोहराम मच गया — मां-बाप की चीख़ें सुनकर गांव का हर शख्स भावुक हो उठा। सत्यम के घर में भी छठ की तैयारी की जगह अब सन्नाटा और आंसुओं का माहौल है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि छठ जैसे बड़े पर्वों के दौरान गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और गोताखोरों की तैनाती अनिवार्य की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटना दोबारा न हो।छठ पूजा, जो माताएं अपने पुत्रों की दीर्घायु और सुख-समृद्धि के लिए मनाती हैं, उसी दिन दो मासूम पुत्रों का असमय चला जाना पूरे क्षेत्र के लिए असहनीय त्रासदी बन गया। गंगा तट पर जहां कल भजन-कीर्तन और दीपदान की गूंज थी, आज वहां मातम और सन्नाटा पसरा है। इस बाबत सीओ स्नेहा तिवारी ने बताया कि नहाने के दौरान दो बालक गंगा में डूब गए जिसे इलाज़ के लिए वाराणसी भेजा गया। जहा दोनों की मौत हो गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button