Chandauli News-देव दीपावली गंगा महोत्सव को लेकर पश्चिम वाहिनी बलुआ घाट पर तैयारियां तेज,प्रशासन ने की बैठक

चंदौली।देव दीपावली गंगा महोत्सव 2025 की तैयारियां चंदौली में पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। सोमवार को पश्चिम वाहिनी बलुआ घाट स्थित टीन शेड में उपजिलाधिकारी सकलडीहा कुंदन राज कपूर और क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी ने बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया।
बैठक में गंगा सेवा समिति के पदाधिकारियों, गंगा सेवकों और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने आयोजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। सीओ स्नेहा तिवारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल पर फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ टीम, एम्बुलेंस और ट्रैफिक पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। साथ ही जे.टी. मंच पर तैनात कर्मचारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
एसडीएम कुंदन राज कपूर ने कहा कि यह आयोजन चंदौली की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाई देगा।गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने बताया कि इस वर्ष का आयोजन भव्य, नव्य और दिव्य स्वरूप में होगा।देव दीपावली गंगा महोत्सव का आयोजन 5 नवम्बर 2025 को पश्चिम वाहिनी मां गंगा के पावन तट एवं महर्षि वाल्मीकि तपोभूमि बलुआ घाट पर किया जाएगा। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय शामिल होंगे।
कार्यक्रम में झांकियां, बांसुरी, तबला और गिटार वादन विशेष आकर्षण रहेंगे। गंगा में बना जे.टी. मंच आयोजन का केंद्र बिंदु होगा। महोत्सव की रात आतिशबाजी से आसमान जगमगाएगा और हजारों दीपों की रोशनी से गंगा तट मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करेगा।सांस्कृतिक संध्या में पूर्वांचल रत्न से सम्मानित कलाकार अरविंद तिवारी और शशि लाल की बिरहा प्रस्तुति कार्यक्रम को भावपूर्ण रंग देगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालु मां गंगा की दिव्य आरती का साक्षी बनने पहुंचेंगे।बैठक में भाजपा नेता अरविंद पाण्डेय, गंगा सेवा समिति के पदाधिकारी अवनीश पाण्डेय, योगेंद्र मिश्रा, रोहित तिवारी, थानाध्यक्ष बलुआ अतुल कुमार सहित अन्य अधिकारी और गंगा सेवक उपस्थित रहे।देव दीपावली गंगा महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह चंदौली की सांस्कृतिक चेतना और गंगा तट की आध्यात्मिक गरिमा का भी उत्सव है






