Chandauli News-भिटियां मंदिर परिसर में किसान विकास मंच का होली मिलन समारोह,किसानों की समस्याओं पर हुई चर्चा

चंदौली -भिटियां मंदिर परिसर में किसान विकास मंच की ओर से होली मिलन समारोह हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं और किसानों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।गेहूं की सिंचाई और लगन-बरात के व्यस्त मौसम के बावजूद दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक किसानों का आना-जाना और आपसी मिलना-जुलना जारी रहा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने खेती से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर गंभीर विचार-विमर्श किया और बीच-बीच में होली गीत गाकर माहौल को उत्सवमय बनाए रखा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंच के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने कहा कि किसान पहले से ही खेती में कई समस्याओं का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी साम्राज्यवाद भारत की संप्रभुता, अस्मिता और खेती पर हमला करना चाहता है, जिसका किसान मुंहतोड़ जवाब देंगे।अशोक सिंह ने कहा कि अभी भी कई किसानों को धान की फसल का भुगतान नहीं मिला है और पोर्टल बंद होने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ किसानों को संघर्ष करना होगा।श्याम बिहारी सिंह ने कहा कि यदि किसान समय रहते सचेत नहीं हुए तो अमेरिका अपने विश्व व्यवस्था और भू-राजनीतिक वर्चस्व के जरिए आम जनता के जीवन को प्रभावित कर सकता है।संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत का प्रधानमंत्री अमेरिका के आगे नतमस्तक हो गया है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है जैसे अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ही भारत के प्रधानमंत्री हों और वही तय कर रहे हों कि भारत पेट्रोलियम कहां से खरीदेगा और कहां बेचेगा। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की मक्का, कपास और सोयाबीन की फसलें एमएसपी से कम दाम पर बिक रही हैं, जिससे खेती और डेयरी उत्पादों पर भी असर पड़ रहा है।कार्यक्रम के दौरान राम अवध सिंह ने “भींगी सारी गुलाबी चुनरिया रे, मोहे मारे नजरिया सांवरिया रे” और “होली के दिन खिल जाते हैं” जैसे होली गीत सुनाकर माहौल को और भी होलीमय बना दिया।
कार्यक्रम में किसान विकास मंच का स्थापना दिवस 28 मार्च को बरियारपुर में मनाने का निर्णय लिया गया।इस अवसर पर अशोक सिंह, श्याम बिहारी सिंह, राम अवध सिंह, राधेश्याम पांडेय, इंद्रदेव यादव, विजयमल मौर्य, सुरेश मौर्य, अशोक कुमार द्विवेदी, अयूब खान, दुर्गेश पांडेय, राम भरत सिंह, रमेश पांडेय, राधेश्याम सिंह, सुदामा यादव, अनिल पांडेय, राजेश्वर सिंह, अनिल सिंह, राम अशोक पांडेय, रामानुज पांडेय, राकेश सिंह, अविनाश सिंह, चंद्रेश पांडेय, जय किशोर सिंह, दीनबंधु सिंह, दीनदयाल सिंह, अवधेश सिंह, अम्बुज सिंह, सिप्पू सिंह, मनमोहन सिंह, शिवाजी सिंह और सत्य नारायण दूबे सहित कई किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अयूब खान ने की तथा संचालन राम अवध सिंह ने किया।



