Chandauli News-मलोखर गांव में मुहम्मद अकरम के आवास पर इफ्तार पार्टी,हजारों रोजेदारों ने दिया भाईचारे का संदेश

चंदौली। जनपद के मलोखर गांव में वरिष्ठ अधिवक्ता व डिस्ट्रिक्ट डेमोक्रेटिक बार के पूर्व महामंत्री मुहम्मद अकरम के आवास पर मंगलवार को इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस मौके पर क्षेत्र के हजारों रोजेदारों ने शिरकत कर रोजा खोलते हुए आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिया।इफ्तार पार्टी में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग शामिल हुए। रोजेदारों के लिए खजूर, फल, शरबत तथा विभिन्न प्रकार के व्यंजनों की विशेष व्यवस्था की गई थी। इफ्तार से पहले सभी लोगों ने सामूहिक रूप से दुआ की और रोजा खोला।
इफ्तार के बाद मगरिब की नमाज अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। नमाज के बाद देश में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए विशेष दुआ मांगी गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं।मुहम्मद अकरम ने कहा कि रमजान का महीना रहमत, बरकत और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। इफ्तार पार्टी का उद्देश्य लोगों को एक मंच पर लाकर सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना है।इस दौरान परवेज अहमद जोखू, मोहम्मद असलम उर्फ खान बाबा, याहिया खान, बब्बन सैफ अहमद उर्फ शोले, शमसुद्दीन, कयामुद्दीन, हमीदुल्ला प्रधान, खुर्शीद प्रधान, जियाउद्दीन अंसारी, वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल सिंह, धर्मराज यादव, डॉ. ओपी सिंह, सतीश कुमार जिंदल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



