Blog

Chandauli News-मिशन शक्ति अभियान 5.0: द्वितीय चरण के तहत भव्य जागरूकता बाइक रैली आयोजित,क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

चंदौली-मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण के तहत जनपदीय पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक भव्य जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह द्वारा थाना मुगलसराय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली थाना मुगलसराय से प्रारंभ होकर थाना अलीनगर पर जाकर समाप्त हुई और इस दौरान समाज के हर वर्ग तक नारी सशक्तिकरण का संदेश पहुंचाया गया।क्षेत्राधिकारी सकलडीहा ने कहा कि पुलिस विभाग महिलाओं और बालिकाओं के प्रति होने वाले अपराधों को लेकर अत्यंत गंभीर है और उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें। साथ ही वूमेन पावर लाइन 1090, इमरजेंसी सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, 1930, 181, 102, 108 और 101 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया।अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां उप निरीक्षक, महिला मुख्य आरक्षी एवं महिला आरक्षी की तैनाती की गई है। ये केंद्र महिलाओं की समस्याओं की सुनवाई और त्वरित निस्तारण के लिए समर्पित हैं तथा पीड़िताओं को सम्मानजनक व्यवहार और शीघ्र विधिक सहायता प्रदान करना इनका प्रमुख उद्देश्य है।इसके अलावा महिला बीट अधिकारी, एंटी रोमियो टीम एवं महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा गांवों, कस्बों, बाजारों, बस स्टैंड, स्कूल-कॉलेज और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार चौपाल, संवाद और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इन प्रयासों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।द्वितीय चरण के दौरान साइबर सुरक्षा जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया जाएगा, जिसमें महिलाओं और बालिकाओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर अपराध से बचाव के संबंध में प्रशिक्षित किया जाएगा।इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक मुगलसराय संतोष कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक अलीनगर अनिल कुमार पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक यातायात सत्यप्रकाश यादव, प्रभारी निरीक्षक महिला सहायता प्रकोष्ठ सुरेन्द्र यादव सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button