Chandauli News-मोहरगंज बम ब्लास्ट मामले में फरार आरोपियों पर इनाम बढ़ा,अब 50-50 हजार के हुए विकास व अभिषेक

चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहरगंज स्थित खुशबू किन्नर के मकान में हुए बम ब्लास्ट मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों विकास और अभिषेक पर घोषित इनाम की राशि बढ़ा दी गई है। अब दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम बढ़ाकर 50-50 हजार रुपये कर दिया गया है। यह आदेश आईजी वाराणसी के निर्देश पर जारी किया गया है।बम धमाके के इस मामले में दोनों आरोपी नामजद हैं, जबकि पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। दोनों फरार आरोपियों पर इनाम की राशि बढ़ाए जाने के बाद अब उनकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ भी सक्रिय रूप से तलाश में जुटेगी।गौरतलब है कि बीते 22 दिसंबर की देर रात आरोपियों ने खुशबू किन्नर के मकान में विस्फोटक पदार्थ लगाकर जोरदार धमाका किया था। इस धमाके में घर में सो रही तीन किन्नर—लभली, सोनी और मोनी—घायल हो गई थीं। विस्फोट के बाद पूरे घर में धुआं भर गया और अफरा-तफरी मच गई। धमाके से घबराकर घर में मौजूद लोग बाहर निकल आए और रोने-चिल्लाने लगे। अन्य किन्नरों ने मोबाइल लाइट की मदद से तीनों बेहोश किन्नरों को बाहर निकाला। हालांकि तीनों को हल्की चोटें आई थीं।धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए थे। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि दो मुख्य अभियुक्त विकास और अभिषेक फरार चल रहे हैं।कुछ दिन पूर्व पुलिस अधीक्षक द्वारा फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था और सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। अब इनाम की राशि 50 हजार रुपये किए जाने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



