Chandauli News-मौनी अमावस्या पर चंदौली के पश्चिमवाहिनी बलुआ घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

चंदौली जनपद में मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर पश्चिमवाहिनी बलुआ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। आधी रात के बाद से ही गंगा स्नान का क्रम लगातार जारी है। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने के लिए उत्साहपूर्वक घाट पर पहुंचे।
एक दिन पहले से ही बिहार सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए चंदौली पहुंचने लगे थे। कई श्रद्धालु भीषण ठंड में भी कई किलोमीटर पैदल चलकर गंगा तट तक पहुंचे और पुण्य स्नान किया।श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। स्नान व्यवस्था के लिए सिविल डिफेंस के पुरुष और महिला स्वयंसेवक तैनात किए गए हैं। गंगा नदी में बैरिकेटिंग की गई है, वहीं जल पुलिस और प्रशिक्षित गोताखोरों की भी तैनाती की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीओ पुलिस लाइन, सीओ सकलडीहा सहित भारी संख्या में पुलिस बल घाट और आसपास के क्षेत्रों में तैनात रहा। प्रशासन की सतर्कता और बेहतर प्रबंधन के चलते मौनी अमावस्या का पर्व शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होता दिखा।



