Blog

Chandauli News-रीता चिरई पुनःसमाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी की जिलाध्यक्ष नियुक्त

चंदौली। समाजवादी पार्टी ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए विकास खंड चहनियां अंतर्गत ग्राम सभा कैलीं निवासी दलित महिला रीता चिरई को पुनः समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी, जनपद चंदौली का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति एवं प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की सहमति से की गई है।

प्राप्त आधिकारिक पत्र के अनुसार, यह निर्णय पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुँचाने तथा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक ले जाने के उद्देश्य से लिया गया है। पार्टी नेतृत्व को पूर्ण विश्वास है कि रीता चिरई एक कर्मठ, वफादार और संघर्षशील महिला हैं, जो अपने अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और मजबूत जनसंपर्क के माध्यम से संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगी।

रीता चिरई लंबे समय से समाजवादी पार्टी से जुड़ी हुई हैं और सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण तथा दलित-पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए निरंतर सक्रिय रही हैं। उनके पुनः जिलाध्यक्ष बनाए जाने से चंदौली जनपद में बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।नियुक्ति के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगा।समाजवादी पार्टी ने आशा व्यक्त की है कि रीता चिरई पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों एवं समाजवादी विचारधारा को घर-घर तक पहुँचाने का कार्य करेंगी और आगामी राजनीतिक गतिविधियों में संगठन को एक मजबूत आधार प्रदान करेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button