Chandauli News-हरिओम हॉस्पिटल द्वारा वृद्ध आश्रम में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन

चंदौली जिला मुख्यालय स्थित हरिओम हॉस्पिटल के सौजन्य से बुधवार को वृद्धआश्रम, चंदौली में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 75 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सभी मरीजों को मुफ़्त दवाएँ और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्रदान किए गए।
शिविर में आसपास तथा दूर-दराज़ क्षेत्रों से आए वृद्ध मरीजों ने भाग लिया। मरीजों की जाँच, उपचार और परामर्श के साथ-साथ आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए गोल्डन कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इस दौरान मरीजों को उनके स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी और बदलते मौसम में सावधानियाँ बरतने के सुझाव दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान हरिओम हॉस्पिटल के संचालक डॉ. विवेक कुमार सिंह ने बताया कि डॉक्टरों की टीम ने कुल 75 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। रोगों के अनुसार उचित दवा और परामर्श भी दिया गया।महिला मरीजों को डॉ. ममता राय ने परामर्श दिया और उन्हें वृद्धावस्था में खानपान, रहन-सहन एवं साफ़-सफ़ाई के महत्व के बारे में बताया। वहीं चेस्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वप्निल पाठक ने बुजुर्ग मरीजों को दमा एवं सांस संबंधी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए और बदलते मौसम में सतर्क रहने की सलाह दी।
शिविर का आयोजन हॉस्पिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर वैभव सिंह की देखरेख में किया गया। कार्यक्रम में राजेश तिवारी, करण यादव, अमरेंद्र, संदीप शर्मा, रितेश कुमार, बृजेश कुमार, शालिनी कुमारी, सरिता कुमारी, राजेश तथा राम अजोर चौहान सक्रिय रूप से शामिल रहे।वृद्ध आश्रम के संचालक गिरीश राय ने सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया और हरिओम हॉस्पिटल टीम का आभार व्यक्त किया।






