चंदौली में एचडीएफसी बैंक की “परिवर्तन” पहल शुरू, 1500 परिवारों के विकास का लक्ष्य

चंदौली में एचडीएफसी बैंक ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल “परिवर्तन” के अंतर्गत समेकित ग्रामीण विकास कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम अर्पण सेवा संस्थान के सहयोग से चकिया विकासखंड के 12 चयनित गांवों में संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई ने दीप प्रज्वलित कर किया।इस योजना के तहत करीब 1500 परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अंतर्गत सोलर पंप, सिंचाई सुविधा का विस्तार, सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना, किसान फील्ड स्कूल के माध्यम से आधुनिक कृषि प्रशिक्षण और ग्राम विकास समितियों को सशक्त किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं को भी मजबूत किया जाएगा।जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने बताया कि इस समग्र ग्राम विकास योजना के जरिए स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और कृषि क्षेत्र में व्यापक सुधार किए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर इलाज मिल सके।महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करते हुए स्मार्ट स्कूल और स्मार्ट आंगनवाड़ी की स्थापना भी की जाएगी।अर्पण सेवा संस्थान के सीईओ ने बताया कि गांवों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और ग्रामीणों की आय बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए 7000 हेक्टेयर भूमि पर फूलों, फलों की खेती, मत्स्य पालन और पशुपालन को बढ़ावा दिया जाएगा।परियोजना के तहत किसानों को सोलर पंप और बेहतर सिंचाई साधन उपलब्ध कराए जाएंगे। यह योजना 3 वर्षों तक संचालित होगी, जिसमें कृषि और उद्यान विभाग की भी भागीदारी रहेगी।बैंक के क्लस्टर हेड बालमुकुंद राय ने कहा कि “परिवर्तन” के माध्यम से बैंक सतत विकास और सामुदायिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम का संचालन शाखा प्रबंधक मनोज सिंह ने किया, जबकि एरिया हेड सौरभ श्रीवास्तव और ब्रांच मैनेजर कृष्णा ने अतिथियों का स्वागत किया।





