चंदौली में बिना मान्यता उच्च कक्षाएं चलाने पर चार स्कूलों पर कार्रवाई की तैयारी


चंदौली में शिक्षा व्यवस्था की हकीकत उस समय सामने आई जब जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर 11 अप्रैल 2026 को बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने विकास खंड सदर के पांच विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान आलोक इंटर कॉलेज में सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप पाई गईं, जहां कक्षा 1 से 12 तक की मान्यता के अनुसार पढ़ाई संचालित हो रही थी।
वहीं दूसरी ओर तपोवन विद्यालय, फोनिक्स स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल और सूर्या जूनियर हाई स्कूल में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं। इन विद्यालयों को केवल कक्षा 1 से 8 तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन यहां कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं संचालित की जा रही थीं।जांच में यह भी सामने आया कि कक्षा 9 से 12 के कई छात्रों का नामांकन अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में है, जबकि वे पढ़ाई इन अवैध कक्षाओं में कर रहे हैं। इस पर विद्यालय प्रबंधन कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देश दिया है कि वे केवल मान्यता प्राप्त कक्षाएं ही संचालित करें। साथ ही नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और भविष्य में उल्लंघन मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।



