चंदौली:तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मासूम को रौंदा,मौके पर मौत,ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

चंदौली जिले से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नरहरपुर गांव में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने साइकिल से जा रहे 11 वर्षीय मासूम को कुचल दिया। हादसे में मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया।मृतक की पहचान लकी मौर्य के रूप में हुई है, जो साइकिल से कहीं जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लकी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चकिया–मुगलसराय मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम को खुलवाया और यातायात बहाल कराया।पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।








