चंदौली:राज रसोई रेस्टोरेंट में मारपीट,पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया

चंदौली। जनपद चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात राज रसोई रेस्टोरेंट में भोजन के बाद बिल के भुगतान को लेकर विवाद हो गया। शिकायत के अनुसार, होटल मालिक और उनके कर्मचारी चार लोगों पर मारपीट करने लगे, जिससे वे लहूलुहान हो गए।घायलों ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दो गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने मामले का संज्ञान लेते हुए होटल मालिक धर्मेंद्र सिंह, उनके पुत्र और कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पीड़ित सुधीर सिंह ने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि होटल में खराब सब्जी और अधिक बिल को लेकर बहस हुई थी। इसी दौरान होटल मालिक और उनके कर्मचारियों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने धारा 115(2), 352, 351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





