Chandauli News-सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने को चंदौली पुलिस की पैदल गश्त,चला चेकिंग अभियान

चंदौली एसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपदीय पुलिस बल द्वारा क्षेत्र के मुख्य सराफा बाजार में सघन पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) कर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करना तथा आम नागरिकों एवं व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना रहा।पुलिस टीम द्वारा बाजार में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई। साथ ही बिना नंबर प्लेट व संदिग्ध स्थिति में खड़े वाहनों की सघन तलाशी ली गई।
पुलिस ने सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। व्यापारियों से अपील की गई कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दें।अभियान के दौरान दुकानों के बाहर लगे CCTV कैमरों की कार्यक्षमता और रिकॉर्डिंग अवधि की जांच की गई। दुकानदारों को सलाह दी गई कि कैमरे इस प्रकार लगाए जाएं, जिससे दुकान के साथ-साथ सड़क का हिस्सा भी कवर हो सके।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए दुकानदारों को अपनी दुकानों की निर्धारित सीमा में ही सामान रखने तथा सड़क पर अतिक्रमण न करने के सख्त निर्देश दिए गए।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की पैदल गश्त और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।





