गड़ई नदी के बंद प्रवाह को सूर्यमुनी तिवारी ने खुलवाया


किसानों को मिली राहत, धान की फसल के जलमग्न होने का खतरा टला
बबुरी। जनपद में गतिमान भारत माला परियोजना एक बार फिर किसानों की फसलों के लिए मुसीबत बना हुआ है। निर्माण कार्य के लिए शिवपुर-अकोढ़ा गांव के पास गड़ई नदी के जलप्रवाह को रोक दिया गया है, जिससे बारिश होते ही आसपास के इलाके के किसानों की धान फसल डूब गयी है। बड़े नुकसान की आशंका से परेशान किसानों ने भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी से गुहार लगाई।
इस पर किसानों की समस्या को संज्ञान में लेते भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चंदौली से तत्काल वार्ता की। इसके बाद गड़ई नदी पर बने अवरोध को खुलवाकर जल निकासी का रास्ता बनाया गया। पानी की निकासी शुरू होने से किसानों और आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। मौके पर दर्जनों गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे। समस्या का त्वरित समाधान होने पर ग्रामीणों ने सूर्यमुनी तिवारी का आभार जताया। सूर्यमुनी तिवारी ने कहा कि किसानों के हित और उनकी फसल की सुरक्षा सर्वाेपरि है। नदी का जलप्रवाह बाधित होने से किसानों को नुकसान हो रहा था। किसानों और ग्रामीणों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेगा। विदित हो कि विगत वर्ष भी गड़ई नदी की धारा को अवरोधित किए जाने से किसानों की धान की फसल डूब गयी थी जिससे काफी नुकसान किसानों को उठाना पड़ा था। सूर्यमुनी तिवारी ने भरोसा दिया कि अबकी बार किसानों की फसलों को बचाने के लिए सभी संभव प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *