चंदौली।सदर कोतवाली क्षेत्र के बिछिया गांव स्थित विकास भवन के समीप शनिवार को एक अधिवक्ता का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शहाबगंज थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी अधिवक्ता निखिलेश चंद्र गौतम (40 वर्ष) के रूप में हुई है। उनकी मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है।जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता निखिलेश चंद्र गौतम बिछिया गांव स्थित अपनी ससुराल में रहकर प्रतिदिन कचहरी आते-जाते थे। शनिवार को विकास भवन के पास उनका शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना की जानकारी मिलते ही साथी अधिवक्ताओं और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में अधिवक्ता पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। इस दौरान राष्ट्रीय अधिवक्ता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जन्मेजय सिंह ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की जांच कर अधिवक्ता की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाना चाहिए।वहीं, थाना प्रभारी दुर्गेश यादव ने बताया कि विकास भवन के समीप अधिवक्ता का शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
