चंदौली पुलिस ने डायल-112 पर फर्जी सूचना देकर अफवाह फैलाने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम बसिला निवासी विमलेश विश्वकर्मा ने डायल-112 पर सूचना दी थी कि रास्ते के विवाद को लेकर हिंदू-मुस्लिम विवाद हो गया है और मुस्लिम पक्ष के 7-8 लोग घर में घुसकर मारपीट कर रहे हैं।सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक चंदौली और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को मौके पर इस तरह की कोई घटना नहीं मिली। पुलिस के मुताबिक, जांच में सूचना फर्जी पाए जाने के बाद मौके पर मौजूद विमलेश विश्वकर्मा और उसके भाई अखिलेश कुमार विश्वकर्मा ग्रामीणों को उग्र होकर भड़काने का प्रयास करते पाए गए।पुलिस ने शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत दोनों आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विमलेश विश्वकर्मा, उम्र करीब 38 वर्ष और अखिलेश कुमार विश्वकर्मा, उम्र करीब 32 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम बसिला, थाना व जनपद चंदौली के रूप में हुई है।कार्रवाई सदर चंदौली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।
