चंदौली। उत्तर प्रदेश के जनपद चंदौली में विंध्य एक्सप्रेसवे परियोजना के विरोध को लेकर किसानों के आंदोलन से पहले पुलिस की कार्रवाई सामने आई है। समाजवादी पार्टी के जिला पंचायत सदस्य रमेश यादव ने आरोप लगाया है कि उन्हें 28 अक्टूबर को फत्तेपुर कला में आयोजित होने वाले अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन से पहले हाउस अरेस्ट कर लिया गया है।उन्होंने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में 28 अक्टूबर को सुबह 11 बजे विंध्य एक्सप्रेसवे परियोजना के विरोध में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाना है। रमेश यादव के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे उनके घर के बाहर पुलिस का पहरा लगा दिया गया और उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया गया।इस कार्रवाई को लेकर किसान आंदोलन और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। किसानों की मांग है कि विंध्य एक्सप्रेसवे परियोजना को लेकर उनकी समस्याओं और आपत्तियों पर गंभीरता से विचार किया जाए।
