चंदौली। छठ महापर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में शनिवार, 14 नवंबर 2026 को अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया ने धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली, गुरैनी और प्रहलादपुर घाट तथा बलुआ थाना क्षेत्र के बलुआ घाट का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।अपर पुलिस अधीक्षक ने घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त और सतर्क निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। जलाशयों में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए नाव और गोताखोरों की उपलब्धता, गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग तथा बांस-बल्ली और रस्सियों से सुरक्षा घेरा बनाने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़ प्रबंधन और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम करने पर जोर दिया।इस दौरान एसडीएम सकलडीहा आकांक्षा सिंह, सीओ सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा, तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह, धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा, बलुआ थाना प्रभारी संतोष सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
