चंदौली। छठ महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मानसरोवर पोखरा घाट और दामोदरदास पोखरा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आवागमन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान एसपी ने बताया कि जनपद के प्रमुख छठ घाटों पर पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीमें तैनात की गई हैं। जलाशयों में नाव और गोताखोरों की व्यवस्था की गई है। घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ बांस-बल्ली एवं रस्सियों से सुरक्षा घेरा बनाया जा रहा है। भीड़भाड़ वाले घाटों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। वहीं महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त और एंटी रोमियो टीम को लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए हैं।डीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया।इस दौरान एसडीएम पीडीडीयू नगर, क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर, अरुण कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक अलीनगर गगनराज सिंह, थानाध्यक्ष मुगलसराय अर्जुन सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
