चंदौली- सैयदराजा विधानसभा के माधोपुर गांव में पूर्व विधायक एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनोज सिंह डब्लू की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन शनिवार को श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कथा पंडाल में सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ कथा का श्रवण किया। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।कथा के दौरान व्यास पीठ से कथा वाचक पंडित गौरांगी गौरी ने भगवान की विभिन्न लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने भक्ति, धर्म, संस्कार और मानव जीवन में सद्कर्मों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मनुष्य को आध्यात्मिक शांति प्रदान करने के साथ ही जीवन में सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए। आयोजन में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की भी बड़ी भागीदारी रही। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू की ओर से कराए जा रहे इस धार्मिक आयोजन में भक्तों की उमंग और श्रद्धा देखते ही बन रही है। कथा के तीसरे दिन भी पंडाल श्रद्धालुओं से भरा रहा।
