Jansanchar Times-मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 28 और 29 नवंबर को सभी बूथों पर चलेगा विशेष अभियान,सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ, नए मतदाताओं और महिलाओं के पंजीकरण पर रहेगा विशेष जोर…

चंदौली। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि दोनों दिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे।उन्होंने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। अभियान के दौरान मतदाता अपने नाम और विवरण की जांच कर सकेंगे। प्रत्येक बीएलओ के पास 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची के साथ पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं, महिलाओं और अन्य वंचित वर्गों के पंजीकरण पर विशेष जोर रहेगा। नए मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6, अपात्र अथवा मृतक मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन और निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा।मतदाता सूची से संबंधित जानकारी, सहायता अथवा शिकायत के लिए जिला संपर्क केंद्र (DCC) के दूरभाष नंबर 05412-1950 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग के सिटिजन सर्विस पोर्टल (CSP) और वोटर हेल्पलाइन ऐप पर उपलब्ध ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के माध्यम से भी मतदाता अपने बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।अभियान को सफल बनाने के लिए मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए), ग्राम प्रधानों, क्षेत्र एवं जिला पंचायत सदस्यों, नगर निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों तथा सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) एवं संबंधित अधिकारियों को अभियान दिवसों का सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने को कहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संबंधित ईआरओ स्वयं मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही पर्यवेक्षण के लिए जनपद स्तर पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जो बीएलओ की उपस्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और प्राप्त आवेदनों की प्रगति की निगरानी करेंगे।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि 28 और 29 नवंबर को अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। इसलिए सभी पात्र नागरिक अभियान का लाभ उठाएं और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करें।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles