चंदौली। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जनपद में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान खरीद की शुरुआत हो गई। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने नवीन मंडी स्थित धान क्रय केंद्र पर किसान के साथ फीता काटकर खरीद का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने क्रय केंद्र का निरीक्षण कर खरीद व्यवस्था और पारदर्शिता का जायजा लिया। इस दौरान उपस्थित किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुविधाओं की जानकारी भी ली।जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में धान खरीद के लिए कुल 147 क्रय केंद्र अनुमोदित किए गए हैं। इन केंद्रों पर विभिन्न क्रय संस्थाओं के माध्यम से किसानों की उपज खरीदी जाएगी। शासन की ओर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त धान की सफाई एवं छनाई मद में किसानों को 20 रुपये प्रति क्विंटल की अतिरिक्त धनराशि भी दी जाएगी।उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप अपनी उपज सरकारी क्रय केंद्रों पर लेकर आएं। सरकारी केंद्रों पर धान बेचने के लिए खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल Fcs.up.gov.in पर पंजीकरण अनिवार्य है। इसके विकल्प के रूप में किसान फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर भी धान बेच सकते हैं। विक्रय के समय किसान अपना पंजीयन प्रपत्र और आवश्यक अभिलेख साथ लेकर आएं।जिलाधिकारी ने किसानों को बिचौलियों से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि वे सीधे अनुमोदित सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचकर शासन की ओर से निर्धारित एमएसपी का पूरा लाभ प्राप्त करें। उन्होंने सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए शुद्ध पेयजल और धूप एवं मौसम से बचाव के लिए छाया की व्यवस्था करने को भी कहा। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि खरीद प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता अथवा अनियमितता मिलने पर संबंधित जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी राधवेन्द्र सिंह सहित किसान मौजूद रहे।
