चंदौली। जिले के एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर संगठन के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात कर अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने समस्याओं के शासन स्तर से समाधान की मांग की।डिस्ट्रीब्यूटर्स ने बताया कि बढ़ती महंगाई के बीच होम डिलीवरी में मिलने वाला कमीशन बेहद कम है। ऐसे में कमीशन बढ़ाया जाए, ताकि उपभोक्ताओं तक सिलेंडर की होम डिलीवरी सुचारू रूप से की जा सके। उन्होंने कहा कि केवाईसी के लिए प्रत्येक कंपनी की ओर से 236 रुपये भुगतान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक एजेंसी संचालकों को इसका भुगतान नहीं मिला है।उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनियों द्वारा एजेंसियों को आवश्यकता से अधिक कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जबकि इनकी मांग कम है। इससे एजेंसी संचालकों का पैसा स्टॉक के रखरखाव और भुगतान में फंस रहा है। वहीं, नए गैस कनेक्शन दिए जाने की प्रक्रिया बंद होने से बड़ी संख्या में उपभोक्ता कनेक्शन से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने नए कनेक्शन की व्यवस्था जल्द शुरू करने की मांग की।डिस्ट्रीब्यूटर्स ने कुछ अधिकारियों पर जांच के नाम पर अनावश्यक कार्रवाई और ब्लैकमेल किए जाने का आरोप लगाते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि तेल कंपनियों की ओर से वितरकों को विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो गैस एजेंसी संचालक सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान अमित सिंह, विनोद सिंह, जन्मेजय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
