चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। किदवई नगर स्थित सर्विस रोड के समीप देसी शराब की दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। सोमवार की रात दुकान बंद होने के बाद चोर छत की ओर बने दरवाजे को तोड़कर अंदर दाखिल हुए और दुकान में रखी करीब 1.20 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली।चोरों ने दुकान में लगे तीन सीसीटीवी कैमरे, टीवी, सरकारी स्कैनर और अन्य सामान पर भी हाथ साफ कर दिया। चोरी किए गए सामान समेत कुल नुकसान करीब दो लाख रुपये बताया जा रहा है।मंगलवार सुबह करीब दस बजे दुकान खोलने पहुंचे सेल्समैन को चोरी की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। सेल्समैन ने तत्काल अनुज्ञापिनी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद डायल-112 के जरिए पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। कस्बा इंचार्ज तरुण कश्यप के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान का प्रयास जारी है। पुलिस ने जल्द घटना का खुलासा करने का दावा किया है।
