सैयदराजा, चंदौली। एमएलसी स्नातक चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने बूथ स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को सपा के एमएलसी स्नातक प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के आवास पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसमें चुनावी रणनीति और बूथों को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने एमएलसी चुनाव को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए कहा कि इस चुनाव की तैयारियां आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का आधार बनेंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया।उन्होंने मतदाता सूची से नाम काटे जाने और युवाओं के आंदोलनों के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए।एमएलसी प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि यह चुनाव शिक्षित वर्ग और युवाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण चुनाव है। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर जनहित के मुद्दों को उठाना होगा। उन्होंने बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाने और मतदाताओं को जागरूक करने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ पर सक्रिय रहकर यह सुनिश्चित करे कि कोई भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। बैठक में कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने की अपील की गई।

