चंदौली एसपी आकाश पटेल के निर्देशन में चंदौली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एनएच-2 हाईवे स्थित नवीन मंडी परिसर के पास से 25,000 लीटर हाई स्पीड डीजल से भरा टैंकर बरामद किया। पुलिस ने टैंकर चालक अवधेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। टैंकर का रजिस्ट्रेशन नंबर MH 43 AF 3359 है।पुलिस के अनुसार, टैंकर में डीजल को कूट रचित बिल्टी, इनवॉइस और ई-वे बिल के जरिए अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। मामले की विस्तृत जांच में पेट्रोल पंप ‘मेसर्स आइडियल सर्विस सेंटर’ के स्टॉक और बिक्री रजिस्टर में 13,986 लीटर डीजल का अंतर मिलने के साथ गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।जिलाधिकारी की अनुमति और आदेश के अनुपालन में थाना चंदौली में मु.अ.सं. 493/2026 के तहत आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 में कुल सात नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार चालक अवधेश कुमार पुत्र राम सजीवन, ग्राम देवगलपुर, थाना मऊआइमा, जिला प्रयागराज का निवासी है।पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक चंदौली बिंदेश्वर पांडेय, उपनिरीक्षक मार्कण्डेय सिंह, हेड कांस्टेबल सागर यादव, कांस्टेबल अभिषेक तिवारी और कांस्टेबल पवन कुमार शामिल रहे।
