चंदौली कोडिन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों के खिलाफ चंदौली पुलिस ने कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। मुगलसराय थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 570/2025 और 571/2025 के तहत वांछित आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय के आदेश पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 84 के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई की गई।पुलिस टीम ने शनिवार को वाराणसी स्थित आरोपियों के आवासों पर पहुंचकर डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराई और उनके घरों के मुख्य द्वार पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया।कार्रवाई की जद में शुभम जायसवाल, प्रशांत कुमार कसेरा, अंजली रानी कसेरी और आकाश गुप्ता शामिल हैं। चारों आरोपी वाराणसी के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। इनके खिलाफ कोडिन कफ सिरप के अवैध क्रय-विक्रय, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, धोखाधड़ी और एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम, चंदौली के आदेश पर यह कार्रवाई विवेचना सेल/क्राइम ब्रांच के निरीक्षक विमलेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में गठित संयुक्त पुलिस टीम ने की। पुलिस ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा में आरोपियों के न्यायालय या पुलिस के समक्ष पेश नहीं होने पर बीएनएसएस की धारा 85 के तहत संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।

