चंदौली। सदर विकासखंड में सोमवार को उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत समूह सखियों, बैंक सखियों और बुककीपरों ने धरना-प्रदर्शन किया। बिछिया धरना स्थल पर सैकड़ों महिलाओं ने श्रम मानक के अनुरूप मानदेय तय करने की मांग उठाई।प्रदर्शनकारी समूह सखियों ने कहा कि वे कई वर्षों से बिना छुट्टी के रोजाना 8 घंटे से अधिक काम कर रही हैं। एक सखी औसतन 15 समूहों की जिम्मेदारी संभालती है और बचत, ऋण, सरकारी योजनाओं तथा लेखा-जोखा समेत कई कार्य करती हैं।महिलाओं का आरोप है कि काम के अनुरूप उन्हें न्यूनतम 14 हजार रुपये मासिक मानदेय, मोबाइल व डाटा भत्ता, अतिरिक्त भत्ता और मेडिकल कवर की सुविधा नहीं मिल रही है।धरने के बाद महिलाओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र सौंपा। अधिकारियों ने मांग पत्र शासन को भेजने और समस्याओं पर विचार का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे लखनऊ कूच कर आंदोलन तेज करेंगी।
