.चंदौली – बबुरी कस्बे के उत्तर महाल मोहल्ले में शुक्रवार की देर शाम सांड के हमले में 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। सांड ने उन्हें कई बार उठाकर पटका, जिससे उसकी सींग बुजुर्ग की आंख में लग गई। हमले में वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने किसी तरह सांड को भगाया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला चिकित्सालय चंदौली पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।मिली जानकारी के अनुसार, बबुरी कस्बा निवासी काशी केशरी (60) शुक्रवार की देर शाम अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक सांड वहां पहुंच गया। काशी केशरी उसे डंडे से भगाने लगे, तभी सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। सांड ने उन्हें कई बार उठाकर पटका। इसी दौरान उसकी सींग बुजुर्ग की आंख में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।हमले में लहूलुहान होकर काशी केशरी जमीन पर गिर पड़े और दर्द से तड़पने लगे। इसके बावजूद सांड उन पर हमला करता रहा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह सांड को वहां से भगाया। इसके बाद घायल बुजुर्ग को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय चंदौली ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।घटना के बाद से मोहल्ले में दहशत का माहौल है। सांड के हमले से बुजुर्ग के गंभीर रूप से घायल होने के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है।
