वाराणसी। स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर एस. राजलिंगम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान के दौरान किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के मतदान करने या निर्वाचन व्यवस्था में अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। मतदाताओं की पहचान का विधिवत सत्यापन सुनिश्चित करने के साथ ही केवल पात्र एवं अधिकृत मतदाताओं को ही मतदान करने की अनुमति दी जाए। साथ ही मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और आवश्यक प्रशासनिक प्रबंध प्रभावी बनाए रखें।उन्होंने कहा कि निर्वाचन की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिम्मेदारी निभाने और मतदान प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि चुनाव निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

