चंदौली। माधोपुर डाबरिया में पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन शुक्रवार को अयोध्या से पधारीं अंतरराष्ट्रीय कथा प्रवक्ता पंडित गौरांगी गौरी ने विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती के नरमुंड प्रसंग से जुड़े दिव्य संवाद, देवर्षि नारद के पूर्व जन्म का वृत्तांत तथा महाभारत के महत्वपूर्ण प्रसंगों को विस्तार से सुनाया। साथ ही राजा परीक्षित को ऋषिपुत्र द्वारा दिए गए श्राप की कथा के माध्यम से जीवन के उद्देश्य, कर्मों के महत्व और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया।कथावाचिका ने कहा कि मनुष्य का जीवन केवल भौतिक सुख-सुविधाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि धर्म, भक्ति, सदाचार और संतोष को भी अपने जीवन में स्थान देना चाहिए। यह संसार दुखालय है, इसलिए यहां स्थायी सुख की अपेक्षा करना उचित नहीं है। वास्तविक सुख की अनुभूति तभी होती है, जब मनुष्य के भीतर संतोष का भाव हो। संतोषी व्यक्ति विपरीत परिस्थितियों में भी सुख और शांति का अनुभव कर सकता है।उन्होंने कहा कि सांसारिक मोह-माया के बीच रहते हुए भी ईश्वर के प्रति श्रद्धा और विश्वास बनाए रखना चाहिए। भगवान शिव की आराधना से जीवन में शांति और सकारात्मकता का संचार होता है। शिव भक्ति मनुष्य को आपसी वैमनस्य, क्लेश और द्वेष से दूर रहकर प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ जीवन व्यतीत करने की प्रेरणा देती है।कथा के दौरान भक्ति गीतों और धार्मिक प्रसंगों पर श्रद्धालु भावविभोर होते रहे। मुख्य यजमान पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू अपने परिवार के साथ कथा श्रवण कर रहे हैं। दूसरे दिन चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह और सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह भी कथा में शामिल हुए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से कथा पंडाल भरा रहा।इस अवसर पर रामजन्म यादव, राजेश यादव, सुनील सिंह, मुसाफिर सिंह चौहान, हरदेव मौर्य, बृजेश सिंह, अंगद यादव, रामशरण यादव, हनी सिंह, नागेंद्र सिंह, धर्मराज सिंह, आतिफ खान, मुनिलाल मौर्य, अवधेश राय और प्रशांत सिंह बब्बू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Jansanchar Times-संतोष में ही छिपा है वास्तविक सुख, पंडित गौरांगी गौरी ने दिया आध्यात्मिक संदेश,श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन शिव-पार्वती संवाद और नारद जी के पूर्व जन्म का सुनाया प्रसंग…
