चंदौली। जनपद के माधोपुर में गुरुवार को बहुप्रतीक्षित श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के पहले दिन सुबह पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के आवास पर ब्राह्मण भोज का आयोजन किया गया। इसमें पूर्व विधायक ने सपरिवार ब्राह्मणों को भोजन परोसा। इसके बाद अपने पिता स्वर्गीय रामअवध सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद कथास्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कथावाचिका पंडित गौरांगी गौरी ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना के साथ कथा का शुभारंभ किया। इस दौरान पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू सपरिवार मौजूद रहे और श्रद्धालुओं के साथ कथा का श्रवण किया।
कथा के प्रथम दिन पंडित गौरांगी गौरी ने भगवान की महिमा और श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने मानव जीवन में भक्ति, सत्कर्म, धर्म और सदाचार की महत्ता बताते हुए लोगों को आस्था के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आंखों का काम अच्छा देखना, कानों का काम अच्छा सुनना, हाथों का काम अच्छा स्पर्श करना और मस्तिष्क का काम अच्छे विचारों को धारण करना है। शुद्ध मन से भागवत कथा का श्रवण करने से मनुष्य के जीवन में आध्यात्मिक चेतना जागृत होती है और उसके भीतर की बुराइयां दूर होती हैं। कथा के दौरान भक्तों के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा।
इसके पूर्व सुबह से ही माधोपुर गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथास्थल पर पहुंच गए थे। कथावाचिका के आगमन पर भक्तों ने जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने ध्यानमग्न होकर कथा के विभिन्न प्रसंगों का श्रवण किया।
इस मौके पर एमएलसी विनीत सिंह, पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, उपेंद्र सिंह गुड्डू, रामजन्म यादव, इमरान खान, धर्मराज सिंह, नागेंद्र सिंह, अनुज सिंह, अमित सिंह, रमेश यादव, इंद्रजीत सिंह, बाला सिंह और रजनीश सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
