नरसिंहपुर खुर्द में जलभराव से ग्रामीण बेहाल, ड्रेन की खुदाई और सफाई की मांगचंदौली। नरसिंहपुर खुर्द गांव में जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने संबंधित ड्रेन की खुदाई और सफाई कराने के साथ ही जल निकासी में बाधक अतिक्रमण हटाने की मांग उठाई है।ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में गांव की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। जीटी रोड के दोनों तरफ उत्तर और दक्षिण दिशा में नाले पर कथित अतिक्रमण के चलते पानी की निकासी बाधित हो रही है।ग्रामीणों के मुताबिक जसौली माइनर टेल और लीलापुर माइनर टेल का पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गांव, खेत और नालों में भर जाता है। इसके चलते लोगों को घुटने भर पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है, जबकि कई घरों में बरसात का पानी घुसने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।जलभराव का असर खेती पर भी पड़ रहा है। खेतों में लगातार पानी जमा होने से फसलों के बर्बाद होने का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से नरसिंहपुर खुर्द सम्बद्ध ड्रेन की तत्काल खुदाई और सफाई कराने तथा अतिक्रमण हटाकर पानी की निकासी सुचारु कराने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो हर बरसात में यही समस्या दोहराती रहेगी। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर गांव को जलभराव से निजात दिलाने और प्रभावित किसानों को नुकसान की क्षतिपूर्ति दिलाने की भी मांग की।
