चंदौली। थाना सैयदराजा पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गोवध के अभियोग में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त गंगाधर पाण्डेय को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने घर के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे प्राइमरी स्कूल के पास पान की गोमती से शाम 5:10 बजे गिरफ्तार कर लिया।मामला मु0अ0सं0 88/2026 से जुड़ा है। इससे पहले सैयदराजा पुलिस जेठमलपुर तिराहा, एनएच-19 की उत्तरी लेन पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक संदिग्ध वाहन का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी लेने पर वाहन के डाले में प्लास्टिक कैरेटों के पीछे क्रूरतापूर्वक बांधकर रखे गए 6 गोवंश (साड़) बरामद हुए।जांच में वाहन का पंजीकरण नंबर UP70LT9005 सामने आया, जिसके पंजीकृत स्वामी के रूप में गंगाधर पाण्डेय का नाम प्रकाश में आया। विवेचना में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।गिरफ्तार अभियुक्त प्रयागराज जनपद के हण्डिया थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव का निवासी है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
