चंदौली। धानापुर कस्बे में निर्माणाधीन आरसीसी सड़क पर आवागमन को लेकर हुए विवाद में युवक के सिर पर फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में धानापुर पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, कस्बा धानापुर के मिश्रान टोला निवासी निठोहर चौहान का निर्माणाधीन आरसीसी सड़क पर आवागमन को लेकर विपक्षियों से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान जान से मारने की नीयत से उनके सिर पर फावड़े से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना धानापुर में मुकदमा अपराध संख्या 151/2026, धारा 109(1)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।उच्चाधिकारियों के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मोती (25) को ग्राम गुरेहू के अमरा मोड़ स्थित यात्री प्रतीक्षालय से तथा मिथलेश (19) को धानापुर बस अड्डे से गिरफ्तार किया।पूछताछ में आरोपियों ने सड़क पर आवागमन को लेकर हुए विवाद में फावड़े से निठोहर चौहान के सिर पर वार करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
