चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के किशुनपुरा गांव में जमीन पर गोबर फेंकने को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लाठी भी बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को घनश्याम, डिम्पल और प्रिया यादव अपनी जमीन पर गोबर फेंकने गए थे। इसी दौरान रामनगीना यादव, आशुतोष, अनिल और प्रियांशु से विवाद हो गया। आरोप है कि विपक्षीगण ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे शिवमूरत यादव के सिर पर भी वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।शिवमूरत यादव की तहरीर पर धानापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने 31 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर निदिलपुर पुलिया के पास से रामनगीना यादव और उनके पुत्र आशुतोष यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने विवाद के दौरान लाठी से शिवमूरत यादव के सिर पर हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र, उपनिरीक्षक हरिशंकर सिंह, उपनिरीक्षक विनोद यादव, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार मौर्या और कांस्टेबल रवि कुमार सिंह शामिल रहे।
