चंदौली। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर आजाद अधिकार सेना ने चंदौली की 382-सैयदराजा विधानसभा सीट से उमेश सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी के अनुमोदन के बाद राष्ट्रीय महासचिव डॉ. नूतन ठाकुर ने कार्यालय ज्ञाप जारी कर उनकी उम्मीदवारी की औपचारिक घोषणा की।उमेश सिंह लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। वह सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में दो दशक से अधिक समय से पत्रकार के रूप में सक्रिय रहे हैं। लंबे समय तक क्षेत्र में काम करने के कारण उन्हें स्थानीय समस्याओं, ग्रामीण परिस्थितियों और आम जनता की परेशानियों की गहरी समझ होने का दावा किया जाता है।पत्रकारिता के दौरान उमेश सिंह ने स्थानीय जनसमस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वह लगातार जनता की आवाज को संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों तक पहुंचाने का कार्य करते रहे हैं।पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने कहा कि उमेश सिंह अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ पार्टी की लड़ाई को आगे बढ़ाते हुए चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि आम नागरिक के अधिकारों और जनहित के मुद्दों को चुनाव में प्रमुखता से उठाया जाएगा।
