चंदौली -मुगलसराय नगर पालिका परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल की विधायक निधि से 1 करोड़ 2 लाख 83 हजार रुपये की लागत से सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का टेंडर पास हो गया है। कार्यदायी संस्था को कार्यादेश जारी होने के बाद जल्द ही संबंधित वार्डों में निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।विधायक निधि से प्रस्तावित विकास कार्य वार्ड नंबर 2, 10, 12, 16, 17, 19, 20, 21, 22, 24 और 25 में कराए जाएंगे। इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ जलनिकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।विधायक रमेश जायसवाल के अनुसार, इससे पूर्व विधायक निधि से नगर क्षेत्र में 1 करोड़ 83 लाख 77 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जा चुके हैं। वहीं वाराणसी विकास प्राधिकरण के माध्यम से भी 1 करोड़ 32 लाख 30 हजार रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं।विधायक के अनुसार अब तक विभिन्न योजनाओं के जरिए करीब 4 करोड़ 18 लाख 90 हजार रुपये की लागत से सड़क समेत अन्य निर्माण कार्य कराए जा चुके हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान प्रत्येक वार्ड में करीब 10 लाख रुपये के विकास कार्य कराने के वादे के बीच नए कार्यों की स्वीकृति को चुनावी वादे के धरातल पर उतरने के रूप में देखा जा रहा है।
