चंदौली धानापुर। जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह ने सरकारी तंत्र की कथित लापरवाही और अनियमितताओं को लेकर जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेकर अधिकारियों की कार्यप्रणाली में सुधार कराने की मांग की।अंजनी सिंह ने कहा कि चंदौली में गरीब, किसान, युवा और आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। स्वास्थ्य, राशन, पेंशन, किसान सम्मान निधि, जमीन की पैमाइश, खतौनी संशोधन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं में कथित अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं।उन्होंने खड़ान निवासी मुन्ना पासवान के परिवार का मामला उठाते हुए कहा कि राशन कार्ड में मुन्ना पासवान, उनकी पत्नी और दो बच्चों समेत चार सदस्यों को मृत घोषित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि “चंदौली जिले में चार ऐसे मुर्दे हैं, जो मुंह से बोलते हैं और अपने हक के लिए दर-दर भटक रहे हैं।”अंजनी सिंह ने प्रशासन से तत्काल जांच कर राशन कार्ड में नाम दुरुस्त कराने और परिवार को नियमित राशन उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि गरीबों के साथ ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। “मुख्यमंत्री संज्ञान लें, मुर्दों को जिंदा करवाएं और अधिकारियों को सुधारें।” उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो पीड़ितों के साथ तहसील सकलडीहा का घेराव किया जाएगा।
