चंदौली। जिला मुख्यालय को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने दो दिनों तक बड़े स्तर पर अभियान चलाया। सड़क किनारे और फुटपाथ पर किए गए कब्जे हटाए गए और रास्तों को खाली कराया गया। लेकिन अभियान खत्म होने के बाद तस्वीर एक बार फिर बदलती दिखाई दे रही है।पुरानी बाजार से लेकर जिला अस्पताल और कचहरी मार्ग तक कई जगह सड़क की पटरियों और फुटपाथ पर दोबारा दुकानें और ठेले नजर आने लगे हैं। इसके चलते सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है और पैदल चलने वालों के लिए भी परेशानी खड़ी हो रही है।जिला अस्पताल और कचहरी के आसपास हालात ज्यादा चुनौतीपूर्ण हैं। यहां अतिक्रमण के कारण कई बार वाहनों की रफ्तार थम जाती है और जाम की स्थिति बन जाती है। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक अभियान के दौरान कुछ समय के लिए व्यवस्था जरूर सुधरती है, लेकिन नियमित निगरानी के अभाव में दोबारा कब्जा हो जाता है।अब सवाल यही है कि जब अतिक्रमण हटाया जा चुका है तो फिर कुछ ही समय में सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कैसे लौट आया।लोगों ने प्रशासन से अभियान को लगातार जारी रखने और दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
