जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
चंदौली। जिलाधिकारी शैलेस कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व विवाद, भूमि पैमाइश, अतिक्रमण, पेंशन, राशन कार्ड, विद्युत और विकास कार्यों से संबंधित शिकायतें सामने आईं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन और पत्र के माध्यम से तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित करें, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही, शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित फरियादियों से फीडबैक लेने पर भी जोर दिया, जिससे कार्रवाई की वास्तविक स्थिति का पता चल सके।
